विकास नंद/ सर्वव्यापी/
आज सरायपाली से श्रद्धालुओं के जत्थे को राममंदिर दर्शन हेतु रवाना किया गया हिंदू धर्मावलंबियों की आस्था और भक्ति के महत्त्वपूर्ण केंद्र, प्रभु श्रीरामचंद्र जी की जन्मस्थली अयोध्या धाम के पावन दर्शन हेतु श्रद्धालुओं के दल को आज राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया ने ध्वज दिखाकर विधिवत रवाना किया। सरयू नदी के तट पर स्थित अयोध्या धाम प्राचीन कोसल राज्य की राजधानी रहा है, जो अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्ता के कारण देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र है।कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए सरला कोसरिया ने कहा कि प्रभु श्रीराम की नगरी के दर्शन जीवन में आत्मिक शांति, आस्था और सद्भाव का संचार करते हैं। उन्होंने इस यात्रा को विष्णुदेव सरकार की धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन देने की महत्त्वपूर्ण पहल बताया, जिसके अंतर्गत आमजन को पवित्र तीर्थस्थलों तक पहुंचाने की योजनाएं संचालित की जा रही हैं।रवाना किए गए दल में जिले के विभिन्न ग्रामों से आए सैकड़ों श्रद्धालु शामिल थे। यात्रा के दौरान श्रद्धालु अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर, सरयू घाट, हनुमानगढ़ी और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।श्रद्धालुओं के चेहरों पर प्रभु श्रीराम के दर्शन की खुशी और भक्ति भाव स्पष्ट झलक रहा था। यात्रा रवाना होते समय जय श्रीराम के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।