विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद जिले के बसना व सरायपाली के ग्राम दुर्गापाली हाई स्कूल में आज ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता और शहीदों की स्मृति में सिंदूर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आगमन हो रहा है। लेकिन कार्यक्रम से पहले ही भाजपा के भीतर नाराजगी के स्वर गूंजने लगे हैं।
दरअसल, इस कार्यक्रम के लिए जारी भाजपा के विज्ञापन और बैनर-पोस्टरों में 2013 के विधानसभा चुनाव में सरायपाली सीट से अब तक के सबसे अधिक रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करने वाले पूर्व विधायक रामलाल चौहान की तस्वीर गायब है।
चौहान गाड़ा समाज के प्रांतीय अध्यक्ष भी हैं, ऐसे में उनकी उपेक्षा से समाज के लोगों में निराशा और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है।राजनीतिक हलकों में इसे पार्टी के भीतर गुटबाजी का संकेत माना जा रहा है, खासकर तब जब प्रदेश के मुखिया स्वयं कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

गौरतलब है कि बसना विकासखंड के अंतर्गत आने वाला ग्राम दुर्गापाली, सरायपाली विधानसभा में आता है। 2013 के विधानसभा चुनाव में रामलाल चौहान (भाजपा) ने 82,064 वोट हासिल कर अपने प्रतिद्वंदी को 28,832 मतों के बड़े अंतर से हराया था।
यह घटना पार्टी के भीतर वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी और आंतरिक खींचतान को उजागर करती दिख रही है।