विकास नंद/ सर्वव्यापी /

ऑपरेशन सिंदूर” की ऐतिहासिक सफलता और शहीदों की याद में ग्राम दुर्गापाली के कार्यक्रम में शहीद छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी स्व. दिनेश मिरानिया की पत्नी नेहा अग्रवाल ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सिंदूर का पौधा लगाया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य महिला आयोग की सदस्य कोसरिया ने अपने उद्बोधन में बताया कि यह पूरा अभियान पहलगांव हमले के शहीदों और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को समर्पित है। इस अवसर पर 251 सिंदूर के पौधे रोपे गए और बाद में 250 पौधे और लगाए जाएंगे, जिससे कुल 501 सिंदूर के पौधे रोपे जाने का लक्ष्य पूरा होगा। यह उपलब्धि गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो चुकी है।

कोसरिया ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगांव हमले में शहीद भारतीयों की शहादत का बदला लेने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभियान चलाकर आतंकियों और उनके ठिकानों को नेस्तनाबूद किया तथा शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को मातृ-भावनाओं से जोड़कर देश को समर्पित किया है, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रेरित होकर इस मुहिम से जुड़ सकें।कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा बहनों एवं महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कोसरिया ने बताया कि नारी शक्ति और माताओं को सम्मान देने के उद्देश्य से सरकार ने अनेक योजनाएं “नारी शक्ति” के नाम से प्रारंभ की हैं।इस अवसर पर सरायपाली विधानसभा के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में राज्य निर्माण के बाद पहली बार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगमन को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्थानीय जनता ने क्षेत्र के विकास के लिए महाविद्यालय और स्वास्थ्य केंद्र की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सर्वे कराकर स्वीकृति देने का आश्वासन दिया।
इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिन्होंने पौधारोपण कर शहीदों को नमन किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।