दंतेवाड़ा/ ब्यूरो सर्वव्यापी/
किरंदुल और बचेली के सरकारी अस्पतालों में कुत्ते के काटने के टीकों की गंभीर कमी की समस्या अब सुलझ गई है। यह संभव हुआ है सामाजिक कार्यकर्ता एवं छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन के जिला प्रभारी प्रवेश कुमार जोशी की पहल से।जोशी ने 19 जून 2025 को मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र भेजकर इस समस्या को उजागर किया था। शिकायत क्रमांक 791625007391 के आधार पर कलेक्टर दंतेवाड़ा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके बाद 18 अगस्त 2025 को बचेली PHC में एंटी रेबीज वैक्सीन की 60 यूनिट व इम्युनोग्लोबुलिन की 25 यूनिट तथा किरंदुल CHC में 55 यूनिट वैक्सीन और 18 यूनिट इम्युनोग्लोबुलिन उपलब्ध कराई गई। अब स्थानीय नागरिकों को समय पर उपचार मिलना सुनिश्चित हो गया है।इसी के साथ, जोशी ने नगर क्षेत्र में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या पर भी ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि नगर पालिका द्वारा आवारा कुत्तों को आश्रय गृहों में भेजा जाए, पशु कल्याण विभाग के सहयोग से टीकाकरण व नसबंदी अभियान चलाया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी दल नियुक्त हों।यह घटनाक्रम दर्शाता है कि जागरूक नागरिक की आवाज प्रशासन को सक्रिय करने की क्षमता रखती है। प्रवेश जोशी की पहल जनहित, जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने इस सकारात्मक कदम के लिए संबंधित प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया।