विकास नंद /सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के कारणों को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने बड़ा बयान दिया है। वे आज महासमुंद दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के नियमितीकरण समेत अन्य मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों से मुलाकात की।
सभा को संबोधित करते हुए सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कर्मचारियों से नियमितीकरण का वादा किया था, लेकिन सरकार इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठा सकी। उन्होंने स्वीकार किया कि जनता से किए गए वादों को पूरा न करने की वजह से ही उन्हें और कांग्रेस पार्टी को विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा।उन्होंने कहा, “कर्मचारियों की मांगें पूरी तरह से न्यायोचित हैं। नियमितीकरण को लेकर हमने वादा किया था, लेकिन जब उस पर अमल नहीं हो पाया तो जनता ने हमें सबक सिखाया। चुनाव में हमारी हार का सबसे बड़ा कारण यही है।
”इस दौरान उन्होंने आंदोलनरत कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि वे उनकी आवाज को उच्च स्तर पर उठाएंगे।
सिंहदेव का यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि उन्होंने साफ तौर पर हार की जिम्मेदारी वादों को पूरा न करने को ठहराया है।