समय-सीमा बैठक में प्रभारी कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश, रोजगार मेला व खाद वितरण पर जोर।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी/

महासमुंद कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज सुबह आयोजित समय-सीमा की बैठक में प्रभारी कलेक्टर हेमंत नंदनवार ने विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने सहकारी समितियों में उपलब्ध खाद का त्वरित वितरण सुनिश्चित करने और अवैध भंडारण करने वाली निजी दुकानों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा।

प्रभारी कलेक्टर ने बताया कि बसना और सरायपाली में 250-250 टन यूरिया की खेप आगामी दो दिनों में पहुंचेगी, जिसे किसानों को बांटा जाएगा। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को फील्ड में जाकर डिजिटल क्रॉप सर्वे शुरू करने और किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन एग्रीस्टेक पोर्टल पर करने के निर्देश दिए।आगामी 12 सितम्बर को शासकीय वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय मचेवा में आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेले की तैयारियों पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने बेरोजगार युवक-युवतियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में बच्चों में कुपोषण दूर करने हेतु पोषण पुनर्वास केन्द्र में नियमित रेफरल करने, आंगनवाड़ी केन्द्रों व स्कूलों का सतत निरीक्षण करने तथा रजत जयंती समारोह की तैयारियों की समीक्षा भी की गई।

आवारा पशुओं की समस्या पर सख्ती दिखाते हुए नंदनवार ने पशु मालिकों पर जुर्माना जारी रखने के निर्देश दिए। अब तक 3780 पशुओं को सड़क से हटाया गया, 336 को रेडियम बेल्ट लगाया गया तथा 236 पर टेगिंग की गई।

इस कार्रवाई से 1 लाख 1 हजार 500 रुपए की पेनाल्टी वसूली गई।उन्होंने अवैध शराब बिक्री पर पुलिस और आबकारी विभाग को ठोस कार्रवाई करने और सभी अनुविभागीय अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग करने को कहा।

बैठक में समय-सीमा पत्रों की समीक्षा, जनशिकायत निवारण तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम की प्रगति पर भी चर्चा हुई।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!