विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने विकासखंड बसना एवं पिथौरा क्षेत्र के उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण प्रभारी उप संचालक कृषि भीमराव घोडेसवार, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ब्रजेश तुरकाने (पिथौरा) एवं उषा कांती खेश (बसना) के नेतृत्व में किया गया।
निरीक्षण के दौरान राजा बीज भंडार सांकरा, खत्री बीज भंडार सांकरा, सिन्हा कृषि केन्द्र पिथौरा, नायक कृषि केन्द्र सागरपाली एवं श्री किसान कृषि केन्द्र भूकेल में पी.ओ.एस. स्टॉक और भौतिक स्टॉक में अंतर पाया गया।
साथ ही मासिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत न करने की भी अनियमितता सामने आई।इस पर विभाग ने पांचों उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जवाब प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में इस प्रकार की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
साथ ही कृषकों से अपील की गई है कि वे हमेशा बिल लेकर ही उर्वरक खरीदें और यदि कहीं कालाबाजारी की शिकायत मिले तो तुरंत संबंधित विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से संपर्क करें।