जन चौपाल में सुनी गई जनता की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए शीघ्र निराकरण के निर्देश।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जन चौपाल में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना।

जनदर्शन में इस बार कुल 48 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोगों को शासन की योजनाओं का शीघ्र लाभ मिल सके।

जन चौपाल में कई महत्वपूर्ण विषयों पर आवेदन प्रस्तुत किए गए।

ग्राम बिरकोनी के गोविंदा ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन मजदूर न्याय योजना के तहत राशि दिलाने का आवेदन किया। ग्राम पतेरापाली सरायपाली के ग्रामीणों ने बांध निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति की मांग रखी।

ग्राम सिंघनपुर बसना निवासी राकेश वैष्णव ने विकलांगता अंतर्गत योजनाओं का लाभ, ग्राम डोंगरीपाली बागबाहरा के धनेश पुरी गोस्वामी ने बिजली बिल माफी, ग्राम ठाकुरदिया खुर्द पिथौरा निवासी रामलाल ने केसीसी लोन संबंधी समस्या, ग्राम सलडीह पिथौरा की करुणा भोई ने वन अधिकार पट्टा, तथा ग्राम अरण्ड निवासी अश्विनी बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि दिलाने हेतु आवेदन सौंपा।

इसी तरह छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा जिले में हो रही अनैतिक और नशीली दवाइयों की बिक्री पर रोक लगाने का आवेदन दिया गया।

कलेक्टर ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को तत्काल छापामार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

साथ ही शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीली दवाइयों की बिक्री पर जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित करने और समाज कल्याण विभाग को नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा है कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ नियमानुसार मिले। इसलिए सभी विभाग आवेदनकर्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!