विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद पुलिस ने आमजनों को बड़ी राहत देते हुए गुम और चोरी हुए लगभग 200 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है।
यह कार्रवाई पुलिस की सायबर सेल स्पेशल डेस्क द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में गठित इस स्पेशल डेस्क ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए मोबाइल की जानकारी इकट्ठा कर अथक प्रयासों के बाद उन्हें बरामद किया।
बरामद मोबाइल उन लोगों को सौंपे जाएंगे जिन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने बताया कि कई लोग मोबाइल की वास्तविक कीमत से अधिक उसमें सुरक्षित डाटा, कांटेक्ट नंबर और निजी जानकारी के कारण उसे वापस पाना चाहते थे। इसी समस्या को देखते हुए जिले में एक विशेष सायबर डेस्क का गठन किया गया है, जो गुमशुदा मोबाइलों को ढूंढने और आम जनता की मदद करने में लगातार सक्रिय है।महासमुंद पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि यदि किसी को कोई गुमशुदा मोबाइल मिलता है तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें और उसे जमा कराएं।
साथ ही नागरिकों को जानकारी दी गई कि भारत सरकार ने दूरसंचार विभाग के माध्यम से CEIR पोर्टल (ceir.gov.in) शुरू किया है, जहां गुम या चोरी हुए मोबाइल की शिकायत दर्ज की जा सकती है।
पोर्टल पर Block Stolen/Lost Mobile विकल्प में जाकर फार्म भरने के बाद जैसे ही मोबाइल बरामद होगा, उसकी सूचना संबंधित व्यक्ति के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल पर भेज दी जाएगी।
यह पूरी बरामदगी महासमुंद पुलिस एवं सायबर सेल की टीम की मेहनत का परिणाम है, जिसने जनता को उनका कीमती मोबाइल और उससे जुड़ी यादें एवं आवश्यक जानकारियां लौटाने का कार्य किया है।