विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिला पंचायत महासमुंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार ने आज लाइवलीहुड कॉलेज एवं बड़ौदा आर-सेटी का आकस्मिक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से सीधा संवाद कर उन्हें कैरियर मार्गदर्शन, रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ी जानकारी दी।
नंदनवार ने कहा कि बदलते दौर में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) टेक्नोलॉजी का ज्ञान बेहद जरूरी है। युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि स्वयं उद्यम स्थापित कर रोजगार देने वाला बनना चाहिए। उन्होंने आत्मनिर्भरता और उद्यमिता को सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की नींव बताया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ नंदनवार ने आर-सेटी में संचालित एफ.एल.सी.आर.पी. प्रशिक्षण में प्रशिक्षणार्थी की तरह शामिल होकर गुणवत्ता का आकलन किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं से चर्चा कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना।इसके साथ ही उन्होंने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का जायजा लिया और निर्देश दिए कि अधिक से अधिक महिला समूहों को उद्योग आधारित इंटरप्राइजेज से जोड़ा जाए। साथ ही, उन्हें प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराकर गतिविधियों को लाभकारी उद्यम में बदला जाए।
नंदनवार ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं और महिलाओं को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ना ही इसका असली उद्देश्य है।