तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह ने आज मंत्रालय महानदी भवन में राज्य के नक्सल प्रभावित जिलों में संचालित विकास कार्यों और हितग्राही मूलक योजनाओं की गहन समीक्षा की।बैठक में बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और गरियाबंद जिलों के कलेक्टरों और अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह ने मनरेगा, आयुष्मान भारत, राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना, जनधन खाता, पीएम किसान सम्मान निधि, ग्रामीण सड़क योजना और आधार पंजीकरण जैसे कार्यक्रमों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि नक्सल प्रभावित जिलों में 99 प्रतिशत से अधिक लोगों का आधार पंजीकरण हो चुका है। 28 लाख 18 हजार से ज्यादा किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है।
जनधन योजना के तहत 26 लाख से अधिक खाताधारक जुड़े हैं और आयुष्मान भारत योजना से 35 लाख 66 हजार से अधिक हितग्राही स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त कर रहे हैं।
प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की रोशनी पहुँचे और हर हितग्राही को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिले। उन्होंने मोबाइल कनेक्टिविटी बढ़ाने, बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने और खाद्यान्न वितरण की पारदर्शिता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।


