तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/

राजधानी रायपुर के अटल नगर नवा रायपुर में मंगलवार की झमाझम बारिश ने सरकारी दफ्तरों की पोल खोलकर रख दी। लाखों-करोड़ों रुपए खर्च कर बने आलीशान महानदी भवन मंत्रालय चौक प्रवेश गेट के पास और इंद्रावती भवन संचालनालय प्रवेश चौक दोनों ही जलमग्न हो गए। स्थिति यह रही कि लोग मजाक में कहने लगे कि यह मंत्रालय नहीं, बल्कि सरकारी स्विमिंग पुल है।
बारिश के पानी से जहां सरकारी कर्मचारी और अधिकारी परेशान दिखे, वहीं आम जनता ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो डालकर तंज कसे।
कर्मचारियों का कहना था कि जब राजधानी का मंत्रालय और संचालनालय ही तैरने लगे, तो बाकी जिलों की दुर्दशा समझी जा सकती है।
गौरतलब है कि अटल नगर नवा रायपुर को प्रदेश की आधुनिक और स्मार्ट राजधानी के तौर पर विकसित किया जा रहा है। मगर हर साल बारिश के मौसम में जलभराव की यह तस्वीर सरकार और सिस्टम की लापरवाही उजागर कर देती है।