विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह आज जिले के धनसूली एवं जोरातराई ग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत निर्माणाधीन मल्टीपर्पस सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेंटर में प्रस्तावित स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने विशेष रूप से कमार समुदाय एवं अन्य महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को इस केंद्र की गतिविधियों से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इन समूहों को आयमूलक कार्यों से जोड़कर न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि ग्रामीण विकास को भी गति मिलेगी।
इसी क्रम में कलेक्टर ने पोषण माह के तहत आयोजित गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों और माताओं को दी जा रही सेवाओं, पूरक पोषण आहार की उपलब्धता, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्ति सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता आवश्यक है।कलेक्टर ने ग्रामवासियों से संवाद कर योजनाओं के लाभों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से गांवों का भ्रमण करें और सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे।इस दौरान जनपद सीईओ बी.एस. मंडावी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास शिल्पा साय सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्राम रैताल में लगाई चौपाल सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

बागबाहरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम रैताल में कलेक्टर विनय लंगेह ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और ग्रामीणों की समस्याएं एवं सुझाव सुने। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनके लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर जनपद सीईओ एम.एल. मंडावी, पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


