तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
बिलासपुर जिला मुख्यालय से महज 12 किलोमीटर की दूरी पर पेंड्री डीह- रतनपुर हाईवे मार्ग पर तखतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सैदा के वार्ड क्रमांक 20 जूनीपारा की तस्वीरें किसी दूरस्थ अंचल की नहीं, बल्कि शहर से सटे क्षेत्र की हैं। यहां के रहवासी बरसात खत्म होने के बावजूद अब भी कीचड़ और दलदल भरी सड़कों से परेशान हैं। सड़क पर जगह-जगह जलभराव और फिसलन के कारण लोगों को पैदल चलना भी किसी चुनौती से कम नहीं।ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड में वर्षों से सड़क निर्माण या मरम्मत की कोई ठोस पहल नहीं की गई। बारिश में सड़कें पूरी तरह बह जाती हैं और धूप निकलने के बाद भी मिट्टी का दलदल बना रहता है। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं सभी को घर से निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।लोगों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ कागज़ों में विकास दिखा रहे हैं, जबकि जूनीपारा के हालात हकीकत बयां कर रहे हैं कि विकास की राह अभी कीचड़ में फंसी है।ग्रामीण प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं कि जल्द से जल्द सड़क का समुचित मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि आवागमन सुगम हो सके और गांव का नाम सच में “विकास” की परिभाषा में शामिल हो सके।क्या प्रशासन अब जागेगा? या फिर जूनीपारा का यह वार्ड अगले बरसात तक फिर कीचड़ में डूबा रहेगा?


