खेल से नेतृत्व क्षमता का विकास : सरला कोसरिया। - Sarvavyapi खेल से नेतृत्व क्षमता का विकास : सरला कोसरिया। - Sarvavyapi

खेल से नेतृत्व क्षमता का विकास : सरला कोसरिया।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

सांसद खेल महोत्सव के तहत सरायपाली विकासखंड के हाई स्कूल मैदान में संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया के मुख्य आतिथ्य में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में NCC कैडेट्स ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उन्हें मुख्य मंच तक पहुंचाया। तत्पश्चात उपस्थित अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना, खेल ध्वजारोहण और राजगीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

अनुविभागीय अधिकारी अनुपमा आनंद ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए सांसद खेल महोत्सव की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।

मुख्य अतिथि सरला कोसरिया ने अपने संबोधन में कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रामीण स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “फिट इंडिया, विकसित भारत” थीम के अंतर्गत सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत की है, जिससे युवाओं में खेल भावना और प्रतिस्पर्धा की नई ऊर्जा आई है।उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है।” खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सहयोग भावना का भी विकास करता है। खेलों से मन, शरीर और व्यक्तित्व में सकारात्मक परिवर्तन होता है तथा यह विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की राह दिखाता है।

कोसरिया ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अगर आज के 7 से 10 वर्ष मेहनत और लगन से खेल व पढ़ाई में समर्पित किए जाएं, तो आने वाले 70 वर्षों का जीवन सुखद और सफल हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा और कौशल का श्रेष्ठ प्रदर्शन करें और सरायपाली क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।

कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष बिपीन उपोवेजा ने कहा कि खेल युवाओं में टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है तथा प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को नई दिशा मिल रही है।वहीं भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा ने कहा कि खेल का मैदान भी एक पाठशाला की तरह है, जहाँ नीति, नियम और अनुशासन की शिक्षा मिलती है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्तर सिंह नायक, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकुमार पटेल, मंडल अध्यक्ष गुंजन अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य कुमारी भास्कर, जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे, जिला खेल अधिकारी अंजली बरमार, सीईओ अमित हलदार, बीईओ टीकमचंद पटेल, बीआरसी देवानंद नायक, मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल नायक, एडीओ दीवान, खेल प्रशिक्षक शुभ्रा डड़सेना सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और खिलाड़ी उपस्थित थे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!