विकास नंद/सर्वव्यापी/
विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, आध्यात्म, विज्ञान एवं जीवन जीने की कला के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा इस वर्ष 13 अक्टूबर, सोमवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।इस परीक्षा में सरायपाली ब्लॉक के 125 स्कूलों और 4 कॉलेजों के कुल 4527 विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा में 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न तथा 5 ट्राईब्रेकर प्रश्न पूछे जाएंगे। कुल 101 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए परीक्षा सामग्री वितरण का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है।परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने हेतु निरीक्षण दलों का गठन किया गया है, जो परीक्षा संचालन पर सतत निगरानी रखेंगे।इस संबंध में जानकारी देते हुए ब्लॉक समन्वयक ज्योति कुमार ठेठवार ने बताया कि इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों के प्रति गहरी समझ विकसित करना है।


