कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस में सीएम विष्णुदेव साय के सख्त तेवर, महासमुंद सहित दो जिलों के एसपी को लगाई फटकार। - Sarvavyapi कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस में सीएम विष्णुदेव साय के सख्त तेवर, महासमुंद सहित दो जिलों के एसपी को लगाई फटकार। - Sarvavyapi

कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस में सीएम विष्णुदेव साय के सख्त तेवर, महासमुंद सहित दो जिलों के एसपी को लगाई फटकार।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी/

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (CM Vishnu Deo Sai) की अध्यक्षता में आयोजित कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस (Collector-SP Conference) में इस बार सख्त तेवर देखने को मिले।

मुख्यमंत्री ने तीन जिलों — धमतरी, कोरबा और महासमुंद — के एसपी के कामकाज पर नाराजगी जताई।धमतरी में लगातार बढ़ती हत्या और चोरी की घटनाओं, कोरबा में अवैध खदानों के संचालन और महासमुंद में नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर सीएम ने संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था (Law & Order) को मजबूत करना प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएम साय ने नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के कारण अन्य अपराधों को बढ़ावा मिलता है, इसलिए अभियान चलाकर ठोस कदम उठाए जाएं। अंतरराज्यीय सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाने और PIT NDPS Act के तहत समय सीमा में कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने बैठक में साइबर अपराधों पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में पांच साइबर थाने संचालित हैं और जल्द ही नौ और थाने शुरू किए जाएंगे। सीएम साय ने कहा कि साइबर अपराध के नए-नए तरीकों से निपटने के लिए जनता को जागरूक किया जाए तथा हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार हो।

बैठक में गृह मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह सहित सभी रेंज आईजी, कलेक्टर और एसपी मौजूद रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!