विकास नंद/ सर्वव्यापी/
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक ली। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों एवं कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
कलेक्टर लंगेह ने बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों के पालन के लिए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं गंभीरता से निराकरण करें। शासन-प्रशासन का केंद्र बिंदु हमेशा समाज का अंतिम व्यक्ति और जरूरतमंद वर्ग होना चाहिए।उन्होंने कहा कि कार्यालय में अनुशासन सुनिश्चित हो, कार्यालय समय पर खुले, और सप्ताह के प्रथम दो दिनों में अधिकारी कार्यालय में रहकर आम जनता की समस्याएं सुनें। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जिन किसानों का एकीकृत पोर्टल और एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन नहीं हुआ है, उनका अनिवार्य रूप से शिविर लगाकर पंजीयन किया जाए। गिरदावरी अंतर्गत ग्राम सभाओं में प्राप्त दावा-आपत्तियों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।धान खरीदी की तैयारी पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार 15 नवम्बर से धान खरीदी प्रारंभ करने जा रही है।
इस दौरान अवैध धान परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए राजस्व अधिकारियों को छापामार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिचौलियों की सूची तैयार रखने और सभी 182 धान संग्रहण केन्द्रों में साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि वनाधिकार पट्टा और विशेष पिछड़ी जाति के भूमि धारकों को किसान सम्मान निधि की राशि का लाभ मिले, इसके लिए शत-प्रतिशत पंजीयन और ई-केवाईसी की कार्यवाही पूरी की जाए। उन्होंने विद्युत विभाग को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने मातृ मृत्यु दर कम करने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भेजने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन और पूरक पोषण आहार वितरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्टर लंगेह ने ई-ऑफिस प्रणाली के अंतर्गत फाइलों की साप्ताहिक स्थिति अपडेट करने और सभी पत्राचार इसी माध्यम से करने के निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को होटल, ढाबा एवं मिठाई दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच करने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद खेल महोत्सव के तहत संकुल स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं की समीक्षा, समय-सीमा में प्राप्त पत्रों, जनशिकायत निवारण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम और न्यायालयीन प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।


