विकास नंद/ सर्वव्यापी/
सांसद खेल महोत्सव का आयोजन इस वर्ष तीन चरणों में किया जा रहा है, जिसके प्रथम चरण के तहत संकुल स्तरीय प्रतियोगिताएं 15 और 16 अक्टूबर को होंगी। नगर पालिका परिषद सरायपाली क्षेत्र में यह आयोजन स्थानीय खेल मैदान में संपन्न होगा, जिसमें शहरी क्षेत्र के पंजीकृत खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी की उपस्थिति में हुई तैयारी बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हेमंत नंदनवार, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे और खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे सहित संबंधित अधिकारियों ने आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में निर्देश दिए गए कि आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक संसाधन, पुरस्कार, प्रमाण-पत्र, परिवहन, भोजन, स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं।सांसद खेल महोत्सव के प्रथम चरण में ग्रामीण 25 एवं शहरी 05, कुल 30 संकुलों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। संकुल स्तर पर विजेता खिलाड़ी विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे।
प्रतियोगिता में सामूहिक खेलों के लिए आयु वर्ग 14-19 वर्ष और 19-24 वर्ष, वहीं व्यक्तिगत खेलों के लिए आयु वर्ग 14-17 वर्ष, 18-20 वर्ष और 21-24 वर्ष निर्धारित की गई है। सामूहिक खेलों में खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, तथा व्यक्तिगत खेलों में 100 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद और गेड़ी दौड़ शामिल होंगे।कलेक्टर श्री लंगेह ने संकुल नोडल अधिकारियों—मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत महासमुंद, बागबाहरा और नगर पालिका परिषद सरायपाली—को सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली, बागबाहरा एवं महासमुंद को शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, आदिवासी विकास और उद्यानिकी विभागों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा गया है।
यह आयोजन युवाओं में खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और अनुशासन की भावना विकसित करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर छिपी प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का अवसर प्रदान करेगा।


