विकास नंद/ सर्वव्यापी/
दीपावली पर्व के मद्देनज़र जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष निरीक्षण अभियान सतत रूप से जारी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा तथा कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार यह अभियान 25 सितंबर से शुरू किया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई द्वारा 14 से 16 अक्टूबर तक मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों जैसे पेड़ा, खोवा, कलाकंद, पनीर, सलोनी, बेसन लड्डू आदि के 07 सर्विलेंस एवं आटा, चावल के विधिक नमूने संकलित कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी रायपुर को जांच हेतु भेजे गए हैं।
अब तक जिले से 27 सर्विलेंस और 09 विधिक नमूने जांच के लिए लिए जा चुके हैं। वहीं, चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला द्वारा विभिन्न होटलों का निरीक्षण कर 50 नमूनों का मौके पर परीक्षण किया गया, जिनमें से 03 नमूने अवमानक पाए गए।
निरीक्षण के दौरान होटल एवं मिठाई दुकानों के संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने, गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री विक्रय करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अवमानक खाद्य पदार्थ पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने बताया कि दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।


