विकास नंद/ सर्वव्यापी/
रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अंतर्गत एक्सटेंशन रिफार्म्स आत्मा योजना के तहत एक दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला का आयोजन भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन, संजय कानन के पास, बागबाहरा रोड, महासमुंद में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रूपकुमारी चौधरी (सांसद) और विशिष्ट अतिथि योगेश्वर राजू सिन्हा (विधायक) रहे। नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जिला पंचायत सदस्य जुगनू चंद्राकर, महेंद्र सिक्का समेत अनेक जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
विभागीय प्रदर्शनी और कृषकों का सम्मान मेले में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, रेशम पालन, महिला एवं बाल विकास और आदिवासी विकास विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा विभिन्न योजनाओं और नवीन तकनीकों से जुड़ी जानकारी देने हेतु स्टॉल लगाए गए।

जनप्रतिनिधियों ने इन स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।उत्कृष्ट कृषकों को सम्मानित करते हुए उन्हें कृषक आदान सहायता सामग्री वितरित की गई। साथ ही आत्मा योजना के तहत कृषि नवाचारों और वैज्ञानिक विधियों पर विशेष जानकारी साझा की गई।
किसान देश की रीढ़:
रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं और देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धतियों, आधुनिक कृषि उपकरणों और नवीन तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं कृषि विकास की मजबूत कड़ी हैं और उनकी सहभागिता आवश्यक है।
तकनीकी मंच बन रहा है कृषक मेला:
योगेश्वर राजू सिन्हायोगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि यह किसान मेला किसानों को जानकारी, नवाचार और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने का एक प्रभावी मंच है। उन्होंने महासमुंद जिले के किसानों को मेहनती और नवाचारी बताते हुए कहा कि यदि सभी किसान योजनाओं का लाभ लें, तो जिला कृषि नवाचार का केंद्र बन सकता है।
प्रभावशाली सहभागिता
कार्यक्रम में कृषि विभाग के उप संचालक एफ.आर. कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रतिनिधि तथा जिले के सभी विकासखंडों से आए किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


