विकास नंद/ सर्वव्यापी/
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर में विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ आगमन राज्य के लिए गौरव और आत्मगौरव का क्षण है। यह अवसर न केवल प्रदेश की संस्कृति और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का है, बल्कि यह आयोजन उत्कृष्टता और अनुशासन का प्रतीक भी बने।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियाँ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हों तथा प्रत्येक स्थल पर सुरक्षा, स्वच्छता और आमजन की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ की संस्कृति, प्रगति और आत्मगौरव की झलक हर स्थान पर स्पष्ट दिखाई देनी चाहिए।
नवा रायपुर में विभिन्न स्थलों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री साय ने सर्वप्रथम नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। उन्होंने सभागार व्यवस्था, मंच निर्माण, अतिथियों की बैठक व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। तत्पश्चात वे प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र पहुँचे, जहाँ उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभागार, मेडिटेशन रूम और बाहरी परिसर की तैयारियों की जानकारी ली तथा उन्हें समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जनजातीय अस्मिता का प्रतीक बनेगा ट्राइबल म्यूज़ियम मुख्यमंत्री ने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का निरीक्षण करते हुए कहा कि यह संग्रहालय जनजातीय समाज की वीरता, बलिदान और अस्मिता का अमर प्रतीक बनेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संग्रहालय के प्रत्येक अनुभाग को इस प्रकार तैयार किया जाए कि वह आगंतुकों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से जोड़ सके। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी दीर्घा, मल्टीमीडिया गैलरी, स्मृति कक्ष और बाहरी परिसर की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
राज्योत्सव स्थल बनेगा उपलब्धियों का आइना
इसके बाद मुख्यमंत्री साय ने राज्योत्सव स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मंच, पार्किंग क्षेत्र, विभागीय डोम, प्रदर्शनी दीर्घा, वीआईपी दीर्घा और आमजन के लिए बनाए गए मार्गों की स्थिति जानी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, संस्कृति और आत्मविश्वास का उत्सव है, इसलिए इसका आयोजन उत्कृष्टता की नई मिसाल बने। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक व्यवस्था में गरिमा, अनुशासन और स्वच्छता झलके।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, सचिव राहुल भगत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


