विकास नंद/ सर्वव्यापी/

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर इस वर्ष भी महासमुंद जिला मुख्यालय में राज्योत्सव 2025 का भव्य आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय यह उत्सव 2 से 4 नवम्बर तक मिनी स्टेडियम, शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगा।
इस दौरान प्रदेश की 25 वर्षों की विकास यात्रा, संस्कृति और उपलब्धियों की झलक प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देखने को मिलेगी।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार शाम अधिकारियों के साथ मिनी स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्योत्सव की सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करें और कार्यक्रम को भव्य, सुरक्षित व व्यवस्थित बनाएं। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान जिले के सभी शासकीय भवनों में रोशनी की जाएगी तथा नागरिकों को भी अपने घरों और संस्थानों में दीप सजाने के लिए प्रेरित किया गया है।
कलेक्टर लंगेह ने बताया कि राज्योत्सव के सफल संचालन हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत महासमुंद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सभी विभागों को उनके कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है —🔹 पुलिस विभाग को कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था,🔹 वन विभाग को बेरिकेटिंग हेतु बांस-बल्ली की व्यवस्था,🔹 लोक निर्माण विभाग को मंच निर्माण, पंडाल, बैठक व्यवस्था एवं प्रदर्शनी लेआउट,🔹 विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और जनरेटर की सुविधा,🔹 नगरपालिका परिषद् महासमुंद को स्वच्छता, पेयजल एवं अस्थायी टॉयलेट की व्यवस्था,🔹 स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा और ओआरएस की उपलब्धता,🔹 उद्यानिकी विभाग को मंच सजावट का दायित्व सौंपा गया है।
राज्योत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय और प्रदेश स्तरीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मिनी स्टेडियम परिसर में विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
इन प्रदर्शनी स्टॉलों में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, परिवहन, खाद्य, श्रम, वन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अपनी प्रमुख योजनाओं और 25 वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर लंगेह ने वीआईपी, मीडिया और आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।


