तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के मुख्य जिला स्तरीय समारोह को लेकर इस बार मुंगेली जिले में तैयार आमंत्रण पत्र चर्चा का विषय बना हुआ है। राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के इस ऐतिहासिक अवसर पर जारी आमंत्रण पत्र में राज्य निर्माता, भूतपूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी जी और छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीरें शामिल न किए जाने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।जारी आमंत्रण पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और मुंगेली विधायक पुन्नू लाल मोहले के चित्र प्रमुख रूप से लगाए गए हैं।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुंगेली विधायक पुन्नू लाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बताए गए हैं, किंतु हैरानी की बात यह है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के चित्र भी आमंत्रण पत्र से नदारद हैं।लोगों का कहना है कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की पहचान और गौरव का प्रतीक है, ऐसे में अटल जी और छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर का न होना न सिर्फ परंपरा के विपरीत है बल्कि भावनात्मक रूप से भी खटकने वाला है। वहीं, स्थानीय प्रतिनिधियों की अनदेखी को लेकर भी कई जनप्रतिनिधि व सामाजिक संगठनों ने असंतोष जताया है।फिलहाल, इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है, लेकिन आमंत्रण पत्र को लेकर सोशल मीडिया में लगातार प्रतिक्रियाएं तेज हो रही हैं।


