रजत जयंती महोत्सव 2025 : सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ। - Sarvavyapi रजत जयंती महोत्सव 2025 : सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ। - Sarvavyapi

रजत जयंती महोत्सव 2025 : सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर रजत जयंती महोत्सव के तहत जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, छत्तीसगढ़ बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, स्काउट गाइड संघ आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।मुख्य अतिथि रूपकुमारी चौधरी ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य निरंतर प्रगति की राह पर है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” की परिकल्पना को साकार करने के लिए सरकार संकल्पित है। चौधरी ने कहा कि राज्य निर्माण का श्रेय भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है, जिन्होंने छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का स्वरूप देकर नई पहचान दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को सरकार पूरा कर रही है। आगामी 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ होगी। सड़क, आवास, विद्यालय, पंचायत सहित अधोसंरचना के क्षेत्र में तीव्र गति से कार्य हो रहे हैं। उन्होंने शानदार आयोजन के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी और सभी से शासन की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ नित नए विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर 21 क्विंटल धान खरीदी और महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपए की महतारी वंदन योजना जैसी योजनाएँ सरकार की जनहित भावना को दर्शाती हैं। उन्होंने किसानों, युवाओं, महिलाओं और छोटे उद्यमियों को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार के कार्यों की सराहना की और राज्योत्सव की बधाई दी।चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। किसानों, महिलाओं और युवाओं को योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है तथा शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले की उपलब्धियाँ साझा करते हुए बताया कि महासमुंद जिले में 1.23 लाख किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से लाभान्वित हो रहे हैं। 3.26 लाख हितग्राही महतारी वंदन योजना का लाभ पा रहे हैं तथा 98,406 हितग्राही पेंशन योजनाओं से लाभान्वित हैं। पीएम-जनमन के तहत 3,314 परिवारों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुँचाना और जिले को समृद्ध बनाना है।राज्योत्सव में 23 विभागों द्वारा छत्तीसगढ़ की 25 वर्ष की विकास यात्रा को प्रदर्शित करने के लिए आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। कृषि, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, वन, मत्स्य पालन, समाज कल्याण, परिवहन, आयुष, आदिम जाति कल्याण, विधिक सेवा, पुलिस, यातायात विभाग सहित महिला स्व-सहायता समूहों ने अपनी उपलब्धियाँ प्रदर्शित कीं।सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मुडियाडी के पंथी दल ने मनमोहक पंथी नृत्य प्रस्तुत किया। स्थानीय स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा लोकनृत्य, योग नृत्य और लोक प्रयाग राजीव कला मंच की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। जनप्रतिनिधियों द्वारा कलाकारों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। तीन दिवसीय राज्योत्सव के प्रथम दिन महासमुंद जिले की संस्कृति और विकास यात्रा की झलक देखने को मिली।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!