विकास नंद/ सर्वव्यापी/

सरायपाली विधानसभा के ग्राम मोहदा स्थित शासकीय हाई स्कूल परिसर में आयोजित जोन स्तरीय सांसद खेल महोत्सव में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ हुआ।सरला कोसरिया ने कहा कि यह आयोजन देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसके चलते आज ग्रामीण अंचल के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना है ताकि वे शासन की सुविधाओं का लाभ उठाकर अपनी क्षमता को ऊँचाइयों तक पहुंचा सकें।उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीण बच्चों को सही मंच मिले तो वे जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी परचम लहरा सकते हैं। खेल जीवन में अनुशासन, धैर्य, एकाग्रता, सहयोग और एकता की भावना को मजबूत करता है। साथ ही यह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।कोसरिया ने खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक और माता-पिता हमारे सच्चे मार्गदर्शक हैं — किसी भी समस्या या चिंता को उनसे साझा करने में संकोच नहीं करना चाहिए।प्रतियोगिता में सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लेकर फिटनेस और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंत में सरला कोसरिया ने ग्रामीण खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, पूर्व विधायक त्रिलोचन पटेल, जिला पंचायत सदस्य लोकनाथ बारी एवं कुमारी भास्कर, भाजपा मंडल अध्यक्ष दण्डधर साव, जनपद सदस्य प्रतिनिधि लालकुमार पटेल, उद्धव नंद, विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल, शिक्षकगण, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


