विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में जिले के नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त 48 आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।कलेक्टर लंगेह ने कहा कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित सभी आवेदन तुरंत प्रदान कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।जन चौपाल में ग्राम साराडीह की पूनम साहू ने आगे की शिक्षा के लिए राष्ट्रीय प्रतिभा खोज अंतर्गत प्रोत्साहन राशि का आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम भलेसर निवासी चंदन लाल साहू ने नोनी सुरक्षा योजना से जुड़ी समस्या के समाधान की मांग की। ग्राम छिलपावन की कुशन्ती बाई ने ऋण की अवैध वसूली रोकने, ग्राम ढाबाखार (पिथौरा) के चन्द्रमणि सिदार ने सीसी रोड निर्माण, और ग्राम घोंच (पिथौरा) के गौरसिंग ने मुआवजा राशि दिलाने के लिए आवेदन दिया।इसके अलावा जन धन योजना, भौतिक सत्यापन, हैंडपंप स्थापना, अवैध कब्जा, लंबित भुगतान तथा अनुदान राशि जारी करने जैसे विषयों पर भी आवेदन प्राप्त हुए।इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


