विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10 बजे जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) तथा धान खरीदी की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू, सभी विभागों के जिला अधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ सहित वीसी के माध्यम से सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी शामिल हुए।
कलेक्टर लंगेह ने कहा कि बीएलओ गणना पत्रक वितरण का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करें। वर्तमान में लगभग 75 प्रतिशत मतदाताओं तक गणना पत्रक पहुँच चुके हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि 2 दिनों में शेष सभी मतदाताओं तक गणना पत्रक वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा भरे हुए प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए।उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप पात्र मतदाताओं को शामिल करने और अपात्र नाम हटाने की कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण करने कहा। साथ ही सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची पुनरीक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा में कलेक्टर लंगेह ने बताया कि 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। इसके लिए सभी नोडल एवं प्रभारी अधिकारियों को कल सुबह 10 बजे ट्रायल रन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए धान खरीदी नीति के 29 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुसार सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएं।उन्होंने जिले के सभी 16 चेक पोस्टों पर अवैध धान परिवहन पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए तथा आवश्यकता पड़ने पर नए चेक पोस्ट खोलने के भी निर्देश दिए।
अवैध परिवहन में पकड़े गए वाहनों को तुरंत सीज कर प्रकरण दर्ज करने कहा गया।
कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे, तौल उपकरण, ऑनलाइन एंट्री, मिलान पर्ची व्यवस्था आदि को सुचारू रूप से चालू रखने और निगरानी टीमों द्वारा सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणाओं, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जन चौपाल, समय सीमा पत्रक और राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी मांगों और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने कहा।


