विकास नंद/ सर्वव्यापी/
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी नीति के संबंध में राइस मिलर्स की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा धान खरीदी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, जिसके सफल क्रियान्वयन में राइस मिलर्स की भूमिका अहम है।कलेक्टर ने सभी राइस मिलर्स को शासन के निर्देशों के अनुरूप सुचारू रूप से धान खरीदी एवं उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में वर्तमान में 195 पंजीकृत राइस मिलर्स हैं, जिनमें से केवल 48 राइस मिलर्स का पंजीयन अब तक हुआ है। कलेक्टर ने राइस मिलर्स से शीघ्र पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण करने एवं 70 प्रतिशत चावल जमा करने के पश्चात पंजीयन हेतु आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, जिला विपणन अधिकारी आशुतोष कोसरिया, जिला प्रबंधक (नान) विनोद बोधिचा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अधिकारी, डिपो इंचार्ज (भा. खा.ना.), एवं राइस मिलर्स संघ के अध्यक्ष नरेश जैन सहित अन्य राइस मिलर्स उपस्थित थे।खाद्य अधिकारी अजय यादव ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के लिए 1,24,5963 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि बीते वर्ष 11,28,540 मीट्रिक टन धान खरीदा गया था। इस वर्ष 182 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से लगभग 1,62,288 किसान धान विक्रय करेंगे।कलेक्टर लंगेह ने बताया कि धान खरीदी प्रक्रिया की सतत मॉनिटरिंग हेतु कंट्रोल कमांड यूनिट स्थापित किया गया है, जिससे परिवहन एवं उठाव पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने राइस मिलर्स से आग्रह किया कि शासन की नीति के तहत संबंधित उपार्जन केन्द्रों से ही धान का उठाव कर निर्धारित स्थान पर डंप करें और प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करें।


