विकास नंद/ सर्वव्यापी/
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर ग्राम मरौद से सिरपुर तक “रन फॉर यूनिटी मैराथन” का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। मैराथन में जनप्रतिनिधियों के साथ सैकड़ों युवाओं, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद रूपकुमारी चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा, विधायक बसना संपत अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, सदस्य विजयलक्ष्मी जांगड़े, सरपंच पुष्पा माली सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कलेक्टर विनय लंगेह, एसडीएम अक्षा गुप्ता, जनपद सीईओ मंडावी सहित अधिकारी व नागरिक उपस्थित रहे।मैराथन में महिला और पुरुष दोनों वर्गों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्राम मरौद से सिरपुर तक 5 किलोमीटर की दूरी तय कर दौड़ का समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को स्वच्छता, स्वदेशी, नशा मुक्ति और फिट इंडिया का संदेश दिया गया तथा सभी को शपथ भी दिलाई गई।सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य में युवाओं की अहम भूमिका है। यह दौड़ एकता, देशभक्ति और स्वदेशी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि सांसद खेल महोत्सव में अब तक 87 हजार से अधिक खिलाड़ियों का पंजीयन हुआ है, जो ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में बड़ी पहल है।विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि आज की यह दौड़ एकता और विकास का प्रतीक है। उन्होंने सिरपुर क्षेत्र को पर्यटन कॉरिडोर में शामिल करने और 615 करोड़ रुपए की लागत से सिरपुर बैराज निर्माण के माध्यम से किसानों की समृद्धि सुनिश्चित करने की जानकारी दी।विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि “रन फॉर यूनिटी” और “रन फॉर स्वदेशी” से युवाओं में एकता, भाईचारा और आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि भारत को 2047 तक विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को अपनाना जरूरी है।मैराथन में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने हिस्सा लिया। तीसरी कक्षा के छात्र प्रेम प्रकाश और दूसरी कक्षा के छात्र गणेश ने पूरी दौड़ पूरी की, जबकि 70 वर्षीय श्री साहू ने भी 5 किमी की दौड़ पूरी कर सबका मन जीता।दौड़ का समापन सिरपुर में हुआ, जहां विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।महिला वर्ग में प्रथम स्थान पर गुंजन मन्नाडे को ₹25,000, द्वितीय रूपाली यादव को ₹20,000, तृतीय जोशी को ₹15,000, चतुर्थ केसर ठाकुर को ₹10,000 और पंचम मनीषा पटेल को ₹7,500 की पुरस्कार राशि दी गई।पुरुष वर्ग में प्रथम आशुतोष कुमार को ₹25,000, द्वितीय लोमश कुमार को ₹20,000, तृतीय दीपक साहू को ₹15,000, चतुर्थ चेतन कुमार को ₹10,000 और पंचम अजय भास्कर को ₹7,500 का पुरस्कार प्रदान किया गया।यह आयोजन एकता, देशभक्ति और स्वस्थ भारत के संदेश के साथ जन-जन को प्रेरित करने वाला साबित हुआ।


