विकास नंद/ सर्वव्यापी/
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीदी आज से पूरे जिले में प्रारंभ हो गई है। राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। इसके बावजूद कई केंद्रों में प्रभारी प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर अनुपस्थित पाए गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के कुल 182 उपार्जन केंद्रों में से केवल 48 प्रभारी प्रबंधक और 56 कंप्यूटर ऑपरेटर ही उपस्थित हुए, जबकि 134 प्रभारी प्रबंधक एवं 126 ऑपरेटर अनुपस्थित पाए गए।
इस गंभीर लापरवाही को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विनय लंगेह ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी पत्र जारी किया है। आदेश में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि सभी कर्मचारी तत्काल ड्यूटी पर उपस्थित हों, अन्यथा की गई किसी भी कार्रवाई के वे स्वयं उत्तरदायी होंगे।ज्ञात हो कि राज्य शासन द्वारा 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक सम्पूर्ण धान खरीदी अवधि के लिए धान खरीदी कार्य को अत्यावश्यक सेवा घोषित किया गया है। छत्तीसगढ़ अत्यावश्यक सेवा संधारण तथा विच्छिन्नता निवारण अधिनियम (ESMA) के तहत धान खरीदी कार्य में संलग्न किसी भी कर्मचारी द्वारा कार्य से इंकार को प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू है।
कलेक्टर विनय लंगेह ने निर्देश दिए कि उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा, विलंब या लापरवाही को बिलकुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अधिनियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा अनुपालन नहीं करने वालों के विरुद्ध नियम अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस भी जारी किया गया है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो — इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर पूर्ण सख्ती बरती जाएगी।


