विकास नंद/ सर्वव्यापी/

अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, बसना द्वारा 29 नवंबर 2025 को सिरको फार्म हाउस, मेन रोड बसना में “स्वास्थ्य परिचर्चा संगोष्ठी” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि देश के प्रख्यात लैप्रोस्कोपिक एवं रोबोटिक सर्जन तथा रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर के निदेशक डॉ. संदीप दवे रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. एन. के. अग्रवाल ने की तथा डायरेक्टर डॉ. रीता अग्रवाल ने आयोजन को सफल दिशा प्रदान की।संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था में समर्पित भाव से कार्यरत चिकित्सा कर्मियों के योगदान को पहचानना, उनके अनुभवों को साझा करना और भविष्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने हेतु सामूहिक संवाद स्थापित करना था। इस अवसर पर ऐसे अनेक व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपनी उत्कृष्ट सेवा और निष्ठा से ग्रामीण स्वास्थ्य को सशक्त बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इसी क्रम में सरायपाली के अनुभवी चिकित्सक डॉ. आशीष दास और सीएचसी सरायपाली में पदस्थ आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुपा दास को चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
डॉ. अनुपा, मुख्य चिकित्सा एवं खंड चिकित्सा अधिकारी के मार्गदर्शन में अपनी टीम के साथ राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत कई बच्चों की निःशुल्क हृदय रोग सर्जरी सफलतापूर्वक करवाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी हैं। इन बच्चों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सामान्य और खुशहाल जीवन की ओर कदम बढ़ाया है।
डॉ. आशीष और डॉ. अनुपा का यह सम्मान न केवल सरायपाली क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है, बल्कि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में निरंतर बेहतर प्रयासों का प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।


