सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन, प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल संवाद से खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

वन खेल परिसर महासमुंद में आयोजित लोकसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का आज सुबह 11 बजे गरिमामय समापन हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और खिलाड़ियों से सीधा संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं।समापन समारोह की प्रथम पाली में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, बसना विधायक संपत अग्रवाल, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।अपने संबोधन में पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पूरे देश में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन हो रहा है। यह महोत्सव तीन स्तरों पर आयोजित किया जा रहा है, जिससे गांवों और शहरों से नई खेल प्रतिभाएं उभरकर सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि आज 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई जा रही है।जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने कहा कि प्रारंभ में लोगों के मन में इस आयोजन को लेकर शंकाएं थीं, लेकिन सांसद खेल महोत्सव ने अभूतपूर्व सफलता हासिल कर सभी भ्रम दूर कर दिए। गांव से लेकर संसदीय क्षेत्र तक खेलों का आयोजन जनता की व्यापक भागीदारी का प्रतीक है, जो युवाओं को सीखने, खेलने और आगे बढ़ने का अवसर देता है। यह आयोजन सामाजिक समरसता, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी देता है।खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए खेल अत्यंत आवश्यक हैं। सांसद खेल महोत्सव बच्चों और युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने का प्रभावी मंच है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि आज देश और राज्य तेजी से विकास की दिशा में अग्रसर हैं। साथ ही उन्होंने आज के दिन को वीर बाल दिवस के रूप में याद करते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर महेंद्र सिक्का, आनंद साहू, राहुल चंद्राकर, महेंद्र जैन, इंद्रजीत सिंह गोल्डी, देवीचंद राठी, अरविंद प्रहरे, श्याम साहू, एसडीएम अक्षा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की द्वितीय पाली में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण किया जाएगा।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!