विकास नंद/ सर्वव्यापी/
तीन दिवसीय विराट गायत्री महायज्ञ एवं नववर्ष के आगमन को लेकर सरायपाली में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा के मद्देनजर नगर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।इसी क्रम में एसडीओपी ललिता मेहेर के नेतृत्व में सरायपाली पुलिस द्वारा नगर में पैदल मार्च निकाला गया। पैदल मार्च के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, युवाओं एवं आमजन से संवाद कर नववर्ष को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और अनुशासित तरीके से मनाने की अपील की। साथ ही गायत्री महायज्ञ जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में सहयोग करते हुए आपसी भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया गया।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नववर्ष की रात तथा आयोजन के तीनों दिनों तक गश्त लगातार जारी रहेगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या कानून उल्लंघन की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से भी अपील की गई है कि किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।सरायपाली पुलिस की इस सक्रिय पहल से नगरवासियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास का माहौल बना है और लोग नववर्ष तथा धार्मिक आयोजनों को शांति और उल्लास के साथ मनाने के लिए आश्वस्त नजर आ रहे हैं।