विकास नंद/ सर्वव्यापी/
सामान्य वनमण्डल महासमुंद में अखिल भारतीय बाघ गणना–2026 (फेज-1) के अंतर्गत MSTrIPES Ecological ऐप के माध्यम से प्रोटोकॉल संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण वनमण्डलाधिकारी मयंक पाण्डेय के निर्देशन में संपन्न हुआ।प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून से पधारी वन्यजीव विशेषज्ञ ऋतु प्रजापति द्वारा बाघ गणना की वैज्ञानिक प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने MSTrIPES Ecological ऐप के माध्यम से मांसाहारी एवं विशाल शाकाहारी वन्यजीवों के चिन्ह सर्वेक्षण, शाकाहारी वन्यजीवों के लिए लाइन ट्रांजेक्ट सर्वे, वन्यजीव प्राकृतिक आवास सर्वेक्षण तथा वन क्षेत्रों में मानवीय गतिविधियों से संबंधित आंकड़ों के संकलन की विधियों को विस्तार से समझाया।प्रशिक्षण कार्यक्रम थ्योरिटिकल एवं प्रैक्टिकल दोनों स्वरूपों में आयोजित किया गया, जिससे फील्ड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हो सके।इस अवसर पर संयुक्त वनमण्डलाधिकारी पिथौरा डिम्पी बैस, उप वनमण्डलाधिकारी महासमुंद गोविंद सिंह सहित समस्त परिक्षेत्र अधिकारी एवं क्षेत्रीय अमला उपस्थित रहा।प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य अखिल भारतीय बाघ गणना–2026 के अंतर्गत महासमुंद वनमण्डल से संबंधित सूचनाओं का सटीक, समग्र एवं वैज्ञानिक ढंग से संकलन सुनिश्चित करना तथा इस राष्ट्रीय स्तर के संरक्षण कार्यक्रम में वनमण्डल की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करना है।