विकास नंद/ सर्वव्यापी/

आगामी 4 मार्च को मनाए जाने वाले होली पर्व एवं होलिका दहन के अवसर पर विनय कुमार लंगेह एवं प्रभात कुमार ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्व को शांति, सौहार्द्र और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाते हुए जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने होली समितियों एवं नागरिकों से अपील की कि विद्युत तारों के नीचे, ट्रांसफार्मर के पास तथा डामर सड़कों पर होलिका दहन न करें, क्योंकि इससे दुर्घटना की आशंका रहती है और सड़कों को नुकसान पहुंचता है। यदि किसी कारणवश सड़क पर होलिका दहन करना अनिवार्य हो, तो पहले मुरूम की परत बिछाकर उसी पर होलिका सजाई जाए।कलेक्टर ने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रंग-गुलाल एवं पिचकारी की दुकानों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित न किया जाए। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए उन्होंने हरे-भरे पेड़ों की कटाई न करने तथा होलिका दहन के लिए केवल सूखी लकड़ियों के उपयोग की अपील की है। साथ ही पेड़ों की अवैध कटाई पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि होली आपसी प्रेम और भाईचारे का पर्व है, जिसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि जबरन रंग न लगाएं, शराब सेवन कर वाहन न चलाएं तथा तेज गति से वाहन चलाने से बचें। इसके अलावा मुखौटा लगाकर वाहन चलाने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और वाहनों में प्रेशर हॉर्न के उपयोग से परहेज करने की सलाह दी।होलिका दहन एवं होली के दिन जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की अतिरिक्त टीमें तैनात रहेंगी। बाइक पेट्रोलिंग, मोबाइल पार्टी, डायल-112 सेवा एवं सादी वर्दी में पुलिस बल की विशेष व्यवस्था की गई है। सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि सभी मिलकर सुरक्षित, शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण होली मना सकें।