विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिले में शिशु संरक्षण माह (मार्च-अप्रैल 2026) का शुभारंभ कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बच्चों को विटामिन-ए की दवा पिलाकर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं बच्चों के पालकगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में कुपोषण, एनीमिया और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम करना है, ताकि उनका समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने बच्चों को नजदीकी आंगनबाड़ी या स्वास्थ्य केंद्र अवश्य लेकर आएं, जिससे उन्हें विटामिन-ए एवं आयरन की खुराक मिल सके।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के तहत 9 माह से 59 माह तक के 1 लाख 10 हजार 493 बच्चों को विटामिन-ए सिरप पिलाने तथा 6 माह से 59 माह तक के 1 लाख 4 हजार 355 बच्चों को आयरन एवं फोलिक एसिड सिरप वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। जिले के सभी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को विशेष स्वास्थ्य सत्र आयोजित किए जाएंगे।अभियान के दौरान बच्चों का वजन एवं स्वास्थ्य परीक्षण, एनीमिया की जांच, पोषण एवं स्तनपान संबंधी परामर्श भी दिया जाएगा। साथ ही गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यकतानुसार उपचार के लिए रेफर किया जाएगा।विशेषज्ञों के अनुसार, विटामिन-ए बच्चों की आंखों की रोशनी बनाए रखने और रतौंधी से बचाव में सहायक होता है। इसके अलावा यह रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर बच्चों को संक्रमण से लड़ने में मदद करता है, जिससे उनके समग्र विकास में सुधार होता है।