विकास नंद/ सर्वव्यापी/
रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। पूर्व शहर कांग्रेस कमेटी सचिव राहुल बग्गा ने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जिम्मेदार मंत्री और अधिकारी यह कहते हैं कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर आम जनता को घंटों लाइन में खड़ा क्यों रहना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की “500 रुपये में गैस सिलेंडर” देने की गारंटी का जमीनी हकीकत से कोई मेल नहीं दिख रहा है। बग्गा के अनुसार, वर्तमान स्थिति यह है कि लोगों को सिलेंडर लेने के लिए सुबह से लेकर देर रात तक लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ रहा है।राहुल बग्गा ने रिफिल बुकिंग की समयसीमा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिन और शहरी क्षेत्रों के लिए 25 दिन की समयसीमा तय करना समझ से परे है।
जब ग्रामीण क्षेत्रों में भी रसोई का अधिकांश काम एलपीजी गैस से ही होता है, तो इस तरह का भेदभाव क्यों किया जा रहा है?
उन्होंने सरकार से मांग की कि रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और समान बनाया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और उन्हें इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।