तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर शहर में शिरडी वाले साईं बाबा की मूल चरण पादुका के बिलासपुर आगमन पर शहर श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग गया। साईं भक्तों ने शहर की सीमा लाल खदान से उस्लापुर तक तोरवा, भगत सिंह चौक, दयालबंद, गांधी चौक, जूना बिलासपुर, सिटी कोतवाली चौक, गोलबाजार, सदर बाजार, करोना चौक, पं. देवकीनंदन दीक्षित चौक, तिलक नगर, मुंगेली नाका, मंगला चौक होते हुए उस्लापुर तक जगह-जगह आतिशबाजी और फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया।आयोजन से जुड़े पं. सुदेश दुबे ‘साथी’ ने बताया कि अलका एवेन्यू कॉलोनी, उस्लापुर में सुबह 9 बजे श्री साईं बाबा की मूल चरण पादुका की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान मार्गभर साईं भक्तों ने आत्मीय स्वागत कर श्रद्धा व्यक्त की।दिनभर बिलासपुर सहित रायपुर, अभनपुर, कांकेर, दुर्ग, राजनांदगांव, सक्ती और कोरबा से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते रहे। भक्तों के लिए लगातार प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही श्री साईं सच्चरित्र का पाठ भक्तों द्वारा क्रमवार किया गया।कार्यक्रम के दौरान साईं बाबा की मध्यान आरती, श्री साईं लक्षार्चना आरती एवं धूप आरती श्रद्धापूर्वक संपन्न हुई। साईं संध्या में पद्मश्री मदन चौहान एवं बिलासपुर के सुप्रसिद्ध गायक पं. अंचल शर्मा और ज्योति शर्मा के भजनों पर भक्त भावविभोर होकर झूम उठे। इस अवसर पर पद्मश्री मदन चौहान का सम्मान भी किया गया।शिरडी से पधारे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का साईं बाबा की मूल चरण पादुका के साथ आगमन पर स्मृति चिन्ह भेंट कर स्नेहपूर्वक सम्मान किया गया।पूरे आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के दिलीप पात्रीकर के मार्गदर्शन में नीरज मेहता, राजकुमार शुक्ल, शिवा मिश्रा, अरविंद बोलर, वीरेंद्र चौधरी, सुदेश दुबे ‘साथी’, संतोष गुप्ते, हर्ष मिश्रा, पूर्व पार्षद रविंद्र सिंह, पार्षद महेश चंद्रिका, बबलू मदने, रतीश श्रीवास्तव सहित अनेक भक्तों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।