डेढ़ साल पुरानी चोरी का खुलासा: अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, 2 लाख रुपए बरामद… पढ़ें पूरी खबर।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद पुलिस को डेढ़ वर्ष पुराने उठाईगिरी (चोरी) के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2024 में कलेक्टर कार्यालय परिसर के पास खड़ी बोलेरो वाहन का शीशा तोड़कर 3 लाख रुपए की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2024 को प्रार्थी द्रोण कुमार चंद्राकर (निवासी बावनकेरा, थाना पटेवा) ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित समाज कल्याण विभाग के सामने खड़ी उनकी कार का शीशा तोड़कर डिक्की में रखे 3 लाख रुपए चोरी कर लिए थे। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 546/2024 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।करीब एक साल चार महीने बाद 22 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया संदिग्ध व्यक्ति महासमुंद रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आकाश प्रधान (23 वर्ष), निवासी ग्राम दसमनिया, थाना जोखापुरा, जिला जाजपुर (ओडिशा) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपए के 400 नोट, कुल 2 लाख रुपए बरामद किए गए। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2024 में कलेक्ट्रेट परिसर में हुई 3 लाख रुपए की चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। साथ ही, अन्य आपराधिक मामलों में भी उससे पूछताछ जारी है, जिससे और खुलासे होने की संभावना है।इस पूरी कार्रवाई को थाना महासमुंद पुलिस एवं साइबर टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!