विकास नंद/ सर्वव्यापी/

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 22 मार्च को जिले में राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के कुल 2580 शिक्षार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 2147 महिलाएं और 433 पुरुष शामिल रहे।जिले के विकासखंड महासमुन्द, बागबाहरा, पिथौरा, बसना एवं सरायपाली में कुल 192 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे। शिक्षार्थियों ने अपनी सुविधा अनुसार प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक परीक्षा में भाग लिया। प्रश्नपत्र हल करने के लिए तीन घंटे का समय निर्धारित था।जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के निर्देशानुसार विभिन्न अधिकारियों द्वारा परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। पिथौरा, महासमुन्द और बागबाहरा विकासखंड के कई केन्द्रों का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। कसेकेरा परीक्षा केन्द्र में 101 शिक्षार्थी शामिल हुए।इस दौरान कसेकेरा केन्द्र में 70 वर्षीय सोनसिंग एवं 68 वर्षीय जुगरीबाई की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। दोनों शिक्षार्थियों का पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया, जिससे अन्य शिक्षार्थियों में भी उत्साह का संचार हुआ।परीक्षा आयोजन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, संकुल समन्वयकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों तथा अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी के समन्वित प्रयासों से परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।