विकास नंद/सर्वव्यापी/
जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायपाली पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 70 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नानकपाली के दो युवक काले रंग की बिना नंबर वाली स्कूटी से भारी मात्रा में महुआ शराब परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम माधोपली-कुटेला रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोका।पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दीपक भोई (26 वर्ष) और तेज कुमार भोई (23 वर्ष), निवासी ग्राम नानकपाली थाना सरायपाली बताया। तलाशी लेने पर स्कूटी में रखे दो प्लास्टिक बोरे से 35-35 लीटर, कुल 70 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 14 हजार रुपये है।पुलिस ने मौके पर ही शराब और परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस जुपिटर स्कूटी (कीमत करीब 95 हजार रुपये) जप्त कर ली। कुल जप्त संपत्ति की कीमत लगभग 1 लाख 9 हजार रुपये आंकी गई है।दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।इस पूरी कार्रवाई में सरायपाली थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की अहम भूमिका रही। पुलिस द्वारा अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।