विकास नंद/ सर्वव्यापी/
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक ली। यह बैठक समय-सीमा की बैठक के पश्चात आयोजित की गई, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन में जागरूकता बढ़ाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि विद्यार्थियों के माध्यम से पालकों तक पहुंच बनाकर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए, ताकि सड़क सुरक्षा को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी विकसित हो सके।यातायात नियमों के सख्त पालन के लिए संबंधित विभाग को हेलमेट न पहनने एवं अन्य नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी ई-चालान कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए प्रमुख स्थानों पर कैमरे स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।रात्रि के समय सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एनएचआई, पशुपालन विभाग, यातायात विभाग तथा नगरीय निकायों को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि मवेशियों को सड़कों से हटाया जा सके।इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग और नगरीय एवं ग्रामीण निकायों को निर्देशित किया गया।सीईओ नंदनवार ने सभी संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया।