तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर संभाग अंतर्गत गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले के वन मंडल मरवाही के जिला मुख्यालय कार्यालय की दीवारें इन दिनों रंगों और रचनात्मकता से सराबोर नजर आ रही हैं। वन मंडलाधिकारी ग्रीष्मी चांद की पहल पर कार्यालय परिसर की दीवारों पर जीव-जंतुओं और प्रकृति से जुड़े आकर्षक चित्र उकेरे जा रहे हैं, जो लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं।इन कलाकृतियों को गौरेला निवासी कलाकार धर्मेंद्र सोनी उर्फ ‘धर्मेंद्र आर्ट’ द्वारा बखूबी तैयार किया जा रहा है। दीवारों पर उकेरे गए पक्षी, वन्य जीव और हरियाली के दृश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं, बल्कि कार्यालय परिसर को भी एक जीवंत और प्रेरणादायक स्वरूप प्रदान कर रहे हैं।इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं और बच्चों को वन्य जीवन और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। रंग-बिरंगी पेंटिंग्स के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि प्रकृति और जीव-जंतुओं का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की रचनात्मक पहल से सरकारी कार्यालयों की छवि भी सकारात्मक बनती है और लोगों में जागरूकता बढ़ती है। मरवाही वन विभाग की यह पहल न केवल सौंदर्यीकरण का उदाहरण है, बल्कि सामाजिक संदेश देने का भी एक प्रभावी माध्यम बन रही है।