तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
विकासखंड तखतपुर के ग्राम पंचायत पेन्ड्री में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती अब बड़ा मुद्दा बनती जा रही है। बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों के समर्थन में अब जनप्रतिनिधियों ने भी मोर्चा खोल दिया है।जिला पंचायत सदस्य शिवेंद्र कौशिक सहित ग्रामीणों ने काठाकोनी सब स्टेशन से होने वाली विद्युत आपूर्ति पर गंभीर सवाल उठाते हुए संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि अत्यधिक लोड के कारण बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है, जिससे गांव में दिनभर में महज 4 से 5 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।इसका सीधा असर खेती-किसानी पर पड़ रहा है। करीब 1200 किसान रबी फसल की सिंचाई समय पर नहीं कर पा रहे हैं, जिससे फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। वहीं पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को रात में जागकर पानी भरना पड़ रहा है, जिससे उनकी दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है।जिला पंचायत सदस्य ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द ही पेन्ड्री फीडर को काठाकोनी सब स्टेशन से नियमित और सुचारू बिजली आपूर्ति नहीं दी गई, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।इस दौरान मोहन, राजकिशन, जोहन, दुवासीराम, अरुण कौशिक, बिंदा श्रीवास, प्रवीण कौशिक, महेत्तरराम, राजेश, परमेश्वर, अरविंद कौशिक, मोतीलाल, रूपेश कौशिक, गौतम कौशिक, युगल कौशिक, सुभाष पात्रे, लाला यादव, संदीप सप्रे, ईश्वर प्रसाद, अशोक कौशिक, घनश्याम, दुजराम, दुकालू, राजू कौशिक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।