पश्चिम एशिया संकट पर छत्तीसगढ़ अलर्ट: मुख्यमंत्री की उच्चस्तरीय समीक्षा, अफवाहों से दूर रहने की अपील।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संभागायुक्तों, आईजी, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पेट्रोलियम उत्पाद, एलपीजी गैस, उर्वरक एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोल, गैस और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए आमजन किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा आपूर्ति व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है।

राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम (1800-233-3663) स्थापित किया गया है, जहां नागरिक गैस आपूर्ति, शिकायत या कालाबाजारी की सूचना दे सकते हैं। साथ ही प्रत्येक जिले में भी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। प्रदेशभर में अब तक 335 स्थानों पर जांच के दौरान 3841 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 97 एफआईआर दर्ज की गई हैं।अधिकारियों ने बताया कि गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है और परिवहन में कोई बाधा नहीं है। उर्वरकों की भी पर्याप्त उपलब्धता है, जिससे किसानों को समय पर खाद मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने अस्पतालों, छात्रावासों, शैक्षणिक संस्थानों, रेलवे, सैन्य एवं अर्धसैनिक बलों सहित सभी महत्वपूर्ण संस्थानों में गैस आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सीमावर्ती चेक पोस्टों पर विशेष सतर्कता बरतने और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों पर निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!