कक्षा 5वीं-8वीं केंद्रीकृत परीक्षा मूल्यांकन कार्य शुरू, पारदर्शिता व समयबद्धता पर जोर।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

विकासखंड स्तर पर कक्षा 5वीं एवं 8वीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा सत्र 2025-26 के मूल्यांकन कार्य का शुभारंभ किया गया है। कक्षा 5वीं का मूल्यांकन 28 मार्च से प्रारंभ हो चुका है, वहीं कक्षा 8वीं का मूल्यांकन 30 मार्च से शुरू किया जाएगा।मूल्यांकन के लिए शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय सरायपाली एवं मा.स.गो. उच्च माध्यमिक विद्यालय सरायपाली को केंद्र बनाया गया है। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने मूल्यांकन कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का संकल्प लिया।मूल्यांकन केंद्रों में विषयवार शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, जो निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर रहे हैं। सभी मूल्यांकनकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वे पूरी सावधानी एवं ईमानदारी के साथ कॉपियों की जांच करें, ताकि विद्यार्थियों को उनके वास्तविक प्रदर्शन के अनुसार अंक मिल सकें।विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी.एन. दीवान तथा बीआरसी देवानंद नायक के निर्देशन में यह कार्य संचालित हो रहा है। कक्षा 8वीं में अंग्रेजी विषय के लिए मनोहर मेहेर, गणित के लिए मकरध्वज साहू और हिंदी के लिए देवेंद्र भोई को प्रभारी बनाया गया है।इसी तरह कक्षा 5वीं में हिंदी के लिए खिरोद जेरी एवं मुकेश प्रधान, अंग्रेजी के लिए किशन लाल चौधरी एवं लोकेश पात्र, गणित के लिए दयासागर नायक एवं सुरेश कर तथा पर्यावरण के लिए दुकालू नायक एवं राजेश प्रधान को जिम्मेदारी सौंपी गई है।अधिकारियों ने मूल्यांकन कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किया जा सकेगा। साथ ही सभी शिक्षकों से जिम्मेदारीपूर्वक एवं सहयोग के साथ कार्य करने की अपील की गई।मूल्यांकन केंद्रों में बैठने की व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। अंत में सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए मूल्यांकन कार्य के सफल संचालन की कामना की गई।इस संबंध में जानकारी शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप द्वारा दी गई।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!