विकास नंद/ सर्वव्यापी/
ग्राम पंचायत हाड़ाबंद में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समाज सेविका डॉ. एकता लंगेह ने महिलाओं को जागरूकता और समानता का संदेश दिया।मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. एकता लंगेह ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण महिलाएं आज भी विकास की मुख्यधारा से पूरी तरह नहीं जुड़ पा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल घर की चारदीवारी तक सीमित रखना सही नहीं है। “खाना बनाना सिर्फ महिलाओं का काम नहीं है, परिस्थितियों के अनुसार पुरुषों को भी घर के कार्यों में बराबरी से भागीदारी निभानी चाहिए,” उन्होंने कहा।उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर चिंता जताते हुए कहा कि नशा परिवार, समाज और देश—तीनों को बर्बाद करता है, इसलिए इससे दूर रहना आवश्यक है। साथ ही बच्चों को मोबाइल से दूर रखने और उन्हें नियमित स्कूल भेजने की अपील भी की।कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीण महिलाओं ने अपनी समस्याएं डॉ. एकता के समक्ष रखीं, जिनका समाधान करने के लिए उन्होंने आवेदन स्वीकार कर जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच ममता साहू ने की। विशेष अतिथि अधिवक्ता टी. दुर्गा राव ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और घरेलू हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।सामाजिक कार्यकर्ता हेमलता राजपूत ने नारी शक्ति का आह्वान करते हुए महिलाओं को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। आयोजन को सफल बनाने में प्रिय ठाकुर, राजेश, हेमवती यादव, गुड्डी सिन्हा, मिलवन्तीन यादव सहित ग्राम के महिला समूह, पंचगण और मितानिन दीदियों का विशेष योगदान रहा।