विकास नंद/सर्वव्यापी/
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आमाकोनी सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि के बाद अब 33/11 केवी खट्टी सबस्टेशन की क्षमता 3.15 एमवीए से बढ़ाकर 5 एमवीए कर दी गई है। इससे क्षेत्र में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।बिजली की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए किए गए इस उन्नयन से सबस्टेशन की भार वहन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।इस सुधार का सीधा लाभ खट्टी सहित आसपास के कई गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा। लाभान्वित होने वाले प्रमुख गांवों में हिच्चा, पोटिया, जीवनगढ़, पेंड्रा, तुसदा, डुमरपाली, लभराकला, परसदा, धरमपुर, बिजराडीह, अमेठी, खट्टी, कोना और फुलझर शामिल हैं।अधिकारियों के अनुसार, विशेषकर खेती के मौसम में इन क्षेत्रों में लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती थी। अब क्षमता वृद्धि के बाद फीडरों पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त और स्थिर बिजली मिल सकेगी। साथ ही घरेलू उपभोक्ताओं को भी बेहतर विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।विभाग द्वारा यह कार्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया है। विद्युत कंपनी का लक्ष्य हर ग्रामीण क्षेत्र तक गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली पहुंचाना है। इस पहल से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है, क्योंकि इससे आने वाले कृषि सीजन में सिंचाई कार्य आसान होगा और जीवन स्तर में सुधार आएगा।