तरुण कौशिक/संपादक
खाड़ी देशों में बने हालात को लेकर देशभर में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ी है, लेकिन बिलासपुर जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की ईंधन कमी नहीं है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि हाल के दिनों में ईंधन की मांग में वृद्धि जरूर दर्ज की गई है, लेकिन यह वास्तविक कमी के कारण नहीं बल्कि लोगों द्वारा जरूरत से अधिक भंडारण करने की प्रवृत्ति का परिणाम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार जिले की 38 गैस एजेंसियों में घरेलू एलपीजी के 9,489 सिलेंडर तथा व्यावसायिक गैस (19.2 किलोग्राम) के 247 सिलेंडर उपलब्ध हैं। वहीं 171 पेट्रोल पंपों पर 1,209 किलोलीटर पेट्रोल और 1,429 किलोलीटर डीजल का भंडार मौजूद है, जो वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप पर्याप्त है।कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि कुछ स्थानों पर अचानक बढ़ी मांग का मुख्य कारण अफवाहें हैं, जिससे लोग घबराकर अधिक मात्रा में ईंधन खरीद रहे हैं और अनावश्यक दबाव बन रहा है। उन्होंने चेताया कि इस तरह की स्थिति कृत्रिम संकट उत्पन्न कर सकती है, जबकि वास्तविकता में आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन खरीदें और अनावश्यक भंडारण से बचें। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और संसाधनों का समझदारी से उपयोग करने की सलाह दी गई है। जहां संभव हो, वैकल्पिक साधनों के उपयोग पर भी जोर दिया गया है।कलेक्टर संजय अग्रवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। कालाबाजारी या कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।प्रशासन ने आमजन को भरोसा दिलाया है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी, बशर्ते सभी नागरिक संयम और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें।